संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में हेकवेडा सॉल्यूशंस, नई दिल्ली के सहयोग से इंटर्नशिप गाइडेंस वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक विद्यार्थियों को अनिवार्य इंटर्नशिप, कौशल विकास और करियर संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। वर्कशॉप का आयोजन कंप्यूटर विज्ञान, वाणिज्य एवं गणित विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय और हेकवेडा सॉल्यूशंस के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न उद्योगों में इंटर्नशिप के विशेष अवसर, कौशल विकास कार्यक्रमों तक सीधी पहुंच, कॅरिअर मार्गदर्शन तथा प्लेसमेंट में सहयोग प्रदान किया जाएगा।
वर्कशॉप में हेकवेडा सॉल्यूशंस की विशेषज्ञ नेहा अवस्थी ने इंटर्नशिप के महत्व, चयन प्रक्रिया, आवश्यक कौशल, उद्योग की अपेक्षाओं और कॅरिअर निर्माण में इंटर्नशिप की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध इंटर्नशिप अवसरों, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और प्रमाणन कार्यक्रमों के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया।
महाविद्यालय की उप-प्राचार्या सुनीता अरोड़ा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार के योग्य बनाना भी है। उन्होंने उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम में बीसीए, बीएससी, बीकॉम एवं बीबीए पाठ्यक्रमों के प्रथम व द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने हेकवेडा सॉल्यूशंस का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं करियर उन्मुख कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में डॉ. कृतिका, डॉ. इंदु गाबा, डॉ. रेणु गुप्ता, डॉ. परमिंदर और अनु गर्ग सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।