संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा के पंचायत एवं विकास, खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जाखौली गांव में विद्यार्थियों के लिए ई-लाइब्रेरी, महिलाओं के लिए सामुदायिक सांस्कृतिक केंद्र तथा आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इंडोर जिम की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत इसके लिए उपयुक्त जमीन और भवन उपलब्ध करवाए, ताकि कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। इसके साथ ही गांव की जल निकासी समस्या को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। पंचायत विभाग सिंचाई विभाग के साथ मिलकर इस पर विस्तृत प्लान तैयार करेगा।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार बुधवार को जाखौली गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते समय यह बात कही। मंत्री ने कहा कि हरियाणा राज्य में 6225 ग्राम पंचायतें हैं और सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पंचायत में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जाखौली गांव में पानी की निकासी एक प्रमुख समस्या है, जिसे लेकर विभाग फिजीबिलिटी रिपोर्ट तैयार करेगा।
कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, डीडीपीओ रितु लाठर, बीडीपीओ अन्नु, भाजपा नेत्री सुमित्रा जागलान, ब्लॉक समिति चेयरमैन अनिल मलिक, जाखौली कमान सरपंच ऊषा, जाखौली दाबन गांव के सरपंच प्रतिनिधि जोगिंद्र कादियान आदि उपस्थित रहे।