निशीकांत शर्मा
कलायत। नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव परिणामों में निर्दलीय उम्मीदवार अंकित राणा ने भाजपा सहित चुनावी समर में उतरे सभी प्रत्याशियों की कुंडली के नक्षत्र बदल कर रख दिए। उन्होंने कुल 11480 वोटों में से 5824 मत हासिल कर भाजपा को अपने से आधे वोटों पर ही रोक दिया।
आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा उम्मीदवार मैनपाल राणा को जहां 2862 वोट मिले वहीं निर्दलीय उम्मीदवार राजू कौशिक को 1931 वोटों पर संतोष करना पड़ा। इसी चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जसविंद्र राणा को मात्र 396 मत हासिल हुए।
इसके अलावा निर्दलीय दीपक निर्मल को 203, प्रवीण शर्मा को 117, मनप्रीत को 90 व नोटा को 57 मत मिले। गौरतलब है कि कलायत नगरपालिका अध्यक्ष पद की जीत भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बना हुआ था। भाजपा प्रत्याशी मैनपाल राणा की जीत को सुनिश्चित करने के लिए केबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, कृष्ण लाल पंवार, कृष्ण बेदी, रणबीर गंगवा, पूर्व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, विधायक देवेंद्र अत्री, इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप, सांसद नवीन जिंदल के अलावा खुद मुख्यमंत्री तक ने कलायत आकर वोट मांगे।
इसके अलावा जिला संगठन से जिला प्रधान मनीष कठवाड़ पूर्व जिला प्रधान गुर्जर व राजौंद व कलायत मंडल की टीमों ने पूरा जोर लगाया था। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी वार्ड नंबर 10 जो की निर्दलीय प्रत्याशी का क्षेत्र है उसमें किया गया, ताकि वार्ड 10 से चुनाव लड़ रहे संजय सिंगला व अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे राजू कौशिक को पटखनी दी जा सके। इतनी मशक्कत के बावजूद भी भाजपा प्रत्याशी की 2962 वोटों से हुई हार अपने आप में एक यक्ष प्रश्न है जिस पर भाजपा को मंथन करना होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना था कि लोकसभा, विधानसभा और अब निकाय चुनाव में भाजपा को कलायत से मिली शिकस्त का पार्टी को आकलन करना होगा कि आखिर चूक कहां है और मतदाता पार्टी के उम्मीदवार को नकार क्यों रहे हैं।
चार राउंड में हुई मतगणना ः प्रधान व पार्षदों की चार राउंडों में मतगणना हुई। प्रशासन की ओर से सुबह आठ से 10 बजे तक परिणाम घोषित करने की रूप रेखा तय की गई थी। इसके अनुसार कलायत उप मंडल प्रशासन चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम अजय हुड्डा की अगुवाई में निर्धारित समय पर नतीजे घोषित करने में सफल रहा।
चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम अजय हुड्डा ने बताया कि प्रधान-पार्षदों की मतगणना के लिए निर्धारित रूप रेखा अनुसार टीमों की ड्यूटि लगाई गई थी। सुरक्षा की दृष्टि से 130 सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहे। मतदान व मतगणना
शांति पूर्वक ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को मौके पर प्रमाणपत्र दिए गए। संवाद
वार्ड 16 में सर्वसम्मति से चुनाव
कलायत नगर पालिका कलायत में भी वार्ड नंबर 10 में संजय कंसल ने सबसे कम अंतर में महज एक वोट से जीत दर्ज की है। जबकि वार्ड नंबर 11 में विनोद ने सबसे अधिक अंतर के तहत 280 मतों से जीत दर्ज की है। जबकि वार्ड नंबर आठ और 16 में सर्वसम्मिति से पार्षदों को चुना गया है।