संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शादी की यादे संजोने के लिए पहले फोटो एलबम बनता था लेकिन आजकल शादियों में प्री-वेडिंग फोटोशूट का चलन बढ़ गया है। शादी के दिन जब दूल्हा-दुल्हन का जयमाल और विवाह कार्यक्रम चल रहा होता है तो पहले से फिल्म की तरह शूट किए उनके बेहतरीन दृश्यों को मेहमान देख सकते हैं। मौका होता है प्री-वेडिंग शूट का।
आज यह एक ऐसा खास अवसर बन गया है, जिसमें दोनों अपनी प्रेम कहानी को खूबसूरत लोकेशनों और रचनात्मक अंदाज में कैमरे में कैद करते हैं। पहाड़ों, समुद्र तटों, ऐतिहासिक स्थानों और अन्य मनमोहक स्थलों पर जाकर प्री-वेडिंग शूट किए जाते हैं। इस ट्रेंड को फिल्मों से प्रेरित माना जा सकता है, जहां कपल्स अलग-अलग थीम और स्टाइल्स में शूट करते हैं।
इसके लिए प्रोफेशनल फोटोग्राफर्स और वीडियोग्राफर्स को हायर किया जाता है। प्री-वेडिंग शूट पर लाखों रुपये तक खर्च करना अब आम बात हो गई है, क्योंकि इसमें लोकेशन, कपड़े, मेकअप और एडिटिंग जैसी चीजें शामिल होती हैं। यह सिर्फ एक फोटोशूट नहीं, बल्कि एक यादगार अनुभव है, जो शादी के पहले जोड़े के रिश्ते को और मजबूत करता है। प्री-वेडिंग शूट आज की युवा पीढ़ी के लिए शादी की तैयारियों का एक अहम हिस्सा बन गया है।
कपल करण व आशिमा ने बताया कि यह नया ट्रेंड हैं। हालांकि कुछ लोग इसे दिखावा मानते हैं। दरअसल, इस आयोजन में रुपये के साथ समय भी काफी लगता है लेकिन अपनी यादों को संजोने के लिए दोनों परिवारों की सहमति से ऐसा किया जाता है। कपल के लिए बड़ा क्रेज बन गया है।
उन्होंने बताया कि हमारी चार वर्ष पहले शादी हुई थी और हमने अपने परिवार की सहमति से शादी से पूर्व प्री वेडिंग शूट करवाने के लिए जिरकपुर स्थित एक स्टूडियो गए थे। इस आयोजन में लगभग एक लाख रुपये के करीब खर्च आ गया था। इसके साथ करीब 20 दिन का समय लगा था।
क्लॉसिक स्टूडियो संचालक सुरेंद्र सैनी ने बताया कि आज की जनरेशन बहुत फास्ट है। लोगों के पास रुपये और वह खर्च कर अपनी यादों को खूबसूरत बनाना चाहते हैं। हम उनकी मदद करते हैं। प्री वेडिंग शूट करवाना ऐसा ही शौक है। फोटोग्राफर के नजरिए से देखें तो उनकी कमाई का यह नया साधन है। मोबाइल के आने से फोटोग्राफरों के पास काम घटा है लेकिन प्री वेडिंग शूट से एक अवसर मिलता है। प्री वेडिंग शूट के खर्च का कोई दायरा नही है। इसमें पार्टी का खर्चा 50 हजार से लेकर पांच लाख तक होता हैं क्योंकि कईं बार कपल को विदेश में भी शूट करवाने जाना पड़ता है।