संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। पतंजलि योग समिति हरिद्वार व भारत स्वाभिमान शाखा चीका की ओर से सोमवार को श्री विश्वकर्मा मंदिर में चल रहे 15 दिवसीय मोटापा, मधुमेह व उच्च रक्तचाप विशेष योग शिविर के 12वें दिन का शुभारंभ समाजसेवी रामपाल चावला ने द्वीप प्रज्वलित एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
रामपाल चावला ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एकमात्र योग ही निरोग रहने का मंत्र है। अतः अपने जीवन में कम से कम एक घंटा योग को अवश्य अपनाएं। पतंजलि जिला प्रभारी हरिओम शोकल ने योग प्राणायाम की विस्तृत जानकारी दी। योग साधकों को कठिन आसनों का अभ्यास भी कराया गया। उन्होंने मरकट आसन, योग मुद्रा आसन, सूर्य नमस्कार आदि आसनों का अभ्यास कराया।
शिविर में दर्जनों की संख्या में योग साधक मौजूद थे। वरिष्ठ योग शिक्षक जयभगवान, इंद्रमोहन मितल ईश्वर सिंगला ने साधकों को भ्रामरी, कपालभांति, अनुलोम विलोम और योग की प्राथमिक क्रिया करवाई और उन्होंने कहा कि योग प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है।
योग के जरिए न सिर्फ बीमारियों का निदान किया जा सकता है, बल्कि इसे अपनाकर कई शारीरिक और मानसिक तकलीफों को दूर रखा जा सकता है। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी गुरमीत सीड़ा, सुशील जिंदल दीपक जिंदल, कश्मीर लाल गर्ग व अंगूरी देवी भी मौजूद रही।