संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नरड़ गांव में करीब 34 वर्षीय विवाहिता सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में 18 नवंबर को मौत के मामले में उसके भाई ने ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सीमा ने लगभग चार वर्ष पहले गांव नरड़ निवासी संदीप चहल से लव-मैरिज की थी। यह उसकी दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसके पास 11 वर्षीय बेटा है और संदीप से भी एक बच्चा है।
गुरुग्राम निवासी कमल ने बताया कि शादी की शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करने लगे और उसे मारपीट कर परेशान किया जाने लगा। कमल के अनुसार कभी मोटरसाइकिल, तो कभी सोने की अंगूठी व चेन की मांग की जाती थी। परिजनों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं बदली। कमल का आरोप है कि दो दिन पहले सीमा ने ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने बिना सूचना दिए ही सीमा का अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजनों का यह भी कहना था कि सीमा के पति संदीप और अन्य लोगों ने 11 वर्षीय बेटे का बयान भी पुलिस में दिलवाया है, जिसमें हार्ट फेल होने की बात कही है। तितरम थाना के जांच अधिकारी राममेहर ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।