संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव बड़सीकरी में मटौर निवासी युवक प्रवीण की हत्या के मामले में पुलिस ने आठवें आरोपी नरेश उर्फ नेशी (निवासी बड़सीकरी) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सतपाल सिंह (निवासी मटौर) ने बताया कि 24 जुलाई को करीब 8:30 बजे उसका बेटा प्रवीण गांव खडालवा के शिव मंदिर में माथा टेकने गया था, लेकिन वह शाम तक घर नहीं लौटा। देर रात डेढ़ बजे गांव के सोनू, दीपक और सतीश बड़े बेटे के घर पहुंचे और बताया कि प्रवीण को चोटें लगी हैं, घर आ जाए तो खाना खिलाकर अपने पास सुला लेना।
सुबह बड़सीकरी के सरपंच से प्रवीण की मौत की सूचना मिली। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो प्रवीण खून से लथपथ मृत अवस्था में मिला। अमित (बड़सीकरी), सतीश और दीपक (मटौर) ने परिवार को बताया कि रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच वे प्रवीण के साथ बड़सीकरी कला पहुंचे थे, तभी गुरजीत, प्रदीप, मनीष, बंसल, दया, नरेश, सिंदा, काला, मनोज, गुरमेज, दरबारा, वकील, बिन्नी, विकास, विक्की, कृष्ण, गोविंदा, बिट्टू और गुरजेंट ने गंडासी, कुल्हाड़ी और डंडों से रंजिश के कारण हमला कर दिया।
गुरमेज ने प्रवीण के सिर में और सलिंद्र ने हाथ पर गंडासी मारी। प्रवीण गंभीर रूप से घायल होकर गली में गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। मामले में थाना कलायत में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि 18 जुलाई को गुरजीत उर्फ जीता और अन्य ने गांव के संजय पर हमला कर उसे घायल कर दिया था।
संजय 23 जुलाई को अस्पताल से छुट्टी लेकर घर आया। उसी दिन प्रवीण उससे मिलने गया और साथियों के साथ शराब पी। इसके बाद वे संजय पर हमला करने वाले युवकों के मोहल्ले में जाकर गाली–गलौज करने लगे।
इसी दौरान आरोपियों ने हथियारों से हमला कर दिया। अन्य साथी मौके से भाग निकले, जबकि प्रवीण को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। इस मामले में पहले सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे। नरेश आठवां आरोपी है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर दो दिन के लिए रिमांड
पर लिया है।