कैथल। आपात स्थिति में शहरवासियों को पेयजल की समस्या से बचाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके लिए विभाग ने अपने मानस रोड स्थित जल शोधन केंद्र में तीन नए ट्यूबवेल लगवाए हैं। जब भी शहर में नहरी पानी को लेकर दिक्कतें सामने आएंगी, तब इन ट्यृूबवेलों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्र में पेयजल का आपूर्ति दी जाएगी। इन ट्यूबवेलों का सबसे अधिक लाभ पुराने शहर की विभिन्न कॉलोनियों के निवासियों को होगा।
विभाग ने इन ट्यूबवेलों को लगवाने के लिए करीब 30 लाख रुपये की राशि खर्च की है। करीब 10-10 लाख रुपये की लागत से ये तीनों ट्यूबवेल लगाए गए हैं। इनका कनेक्शन भी विभाग के जल शोधन केंद्र से आपूर्ति होने वाले पानी के साथ किया गया है, ताकि जरूरत पड़ते ही इनका संचालन कर शहर में पेयजल आपूर्ति की जा सके।
गौरतलब है कि बीते माह सिरसा ब्रांच नहर में बाढ़ का पानी आने के कारण विभाग ने अपने टैंकों में नहर का पानी लेना बंद कर दिया था। इसका कारण ये था कि जो पानी नहर से लिया जा रहा था, वह रेत युक्त था। विभाग के टैंकों में भी पानी कम होने के कारण विभाग ने एक दिन छोड़कर आपूर्ति शुरू कर दी थी। उस समय शहर की कई कॉलोनियों में पेयजल की समस्या सामने आई। भविष्य में इस प्रकार स्थिति से निपटने के लिए विभाग ने नए ट्यूबवेल लगाने का निर्णय लिया था।
इस संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ जगदीश कुमार ने बताया कि जुलाई माह में विभाग ने ट्यूबवेल लगाने का कार्य शुरू किया था। अब इसे पूरा कर लिया है। अब जरूरत पड़ने पर आपात स्थिति में इन ट्यूबवेलों का प्रयोग किया जा सकेगा ताकि शहरवासियों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।