संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बलबेहड़ा गांव में दो आरोपियों ने एक व्यक्ति के भाई की शादी करवाने का झांसा देकर 38 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित और उसके रिश्तेदारों को बिहार ले जाकर मारपीट की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने चीका थाना में शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित बलविंद्र ने पुलिस को बताया कि वह एक अनाज गोदाम में कार्यरत है। उसी गोदाम में बाबा बस्ती, चीका निवासी प्रकाश भी काम करता है। प्रकाश को पता था कि बलविंद्र के भाई जयपाल की शादी नहीं हुई है। उसने बलविंद्र से कहा कि वह उसके भाई की शादी करवा देगा। इसके लिए 60-70 हजार रुपये का खर्च आएगा, जिसमें आने-जाने और रोटी-पानी का खर्च भी शामिल है।
आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने अपने भाई की शादी के लिए हामी भर दी। नौ मार्च 2025 को उन्होंने पूर्णिया जिला भागलपुर, बिहार जाने के लिए पांच लोगों की ट्रेन टिकट करवा ली। वहां पहुंचने पर आरोपी प्रकाश ने अमजद खान नामक व्यक्ति के साथ मिलकर उन्हें एक होटल में ठहरा दिया। अगले दिन कई लोग आए और एक महिला दिखाई, जो लगभग 50 वर्ष की थी। महिला ने अपनी उम्र बताते हुए शादी से इन्कार कर दिया। इस पर आरोपियों ने धमकाया कि अगर शादी में असहमति दिखाई तो थाने में फंसा देंगे।
शाम को आरोपी 10-12 लोगों के साथ वापस आए। पीड़ित ने जब कहा कि जिस लड़की की फोटो दिखाई गई थी, वह नहीं है, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डराकर उनसे 38 हजार रुपये ले लिए और कहा कि कोई शादी नहीं होगी। अगली सुबह आरोपी फिर होटल आए, महिला के साथ जबरदस्ती फोटो खिंचवाए और पीड़ित के साथ मारपीट की। इसके बाद महिला को वापस उसके घर भेज दिया गया। पीड़ित बड़ी मुश्किल से अपने घर लौटा और जब उसने पैसे वापस मांगें, तो आरोपी ने फिर धमकी दी। इसके बाद उसने थाने में शिकायत की।
शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। लोगों को ऐसे मामलों में सावधान रहना चाहिए। -अमन, एसएचओ चीका थाना