संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर में शनिवार को दिनभर तेज धूप खिली रही, जबकि शाम के समय मौसम परिवर्तनशील हो गया। दोपहर में चली हल्की हवाओं ने गर्मी से कुछ राहत दी। इस बीच, शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शनिवार को 158 दर्ज की गई, जो संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई है।
दो दिन पहले तक एक्यूआई “गंभीर” स्तर तक पहुंच गया था, जिससे लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी बढ़ गई थी। हवा की दिशा में बदलाव होने से अब स्थिति में सुधार देखा जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में दिन का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक और रात का तापमान करीब चार डिग्री तक बढ़ा दर्ज किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पूर्वानुमान के मुताबिक, अब 29 अक्तूबर तक मौसम सामान्य रहेगा। अक्तूबर में औसत अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि करीब एक सप्ताह बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से सुबह और शाम के तापमान में गिरावट शुरू होगी और हल्की ठंड का अहसास बढ़ेगा।
उधर, किसानों का कहना है कि तापमान में बार-बार हो रहे बदलाव से फसलों को नुकसान की आशंका है। वहीं डॉक्टरों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। अस्पतालों में इन दिनों बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। कई मरीजों को लंबे इलाज के बाद भी आराम नहीं मिल पा रहा।
फिलहाल अब बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ेगी। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी। -डॉ. रमेश चंद्र वर्मा, मौसम विशेषज्ञ