संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता हुई। इसका आयोजन नए मतदाता पंजीकरण समिति के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह व डॉ. अनुकृति ढुल के सफल नेतृत्व में करवाया।
आयोजन में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मेहंदी के अद्वितीय डिजाइनों के माध्यम से मतदान के महत्व को रेखांकित किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में लोकतंत्र और उनके मताधिकार के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। मेहंदी के डिजाइन में मतदाता जागरूकता, लोकतंत्र और नागरिक कर्तव्यों से जुड़े प्रतीकों और संदेशों को सुंदरता के साथ उकेरा गया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपनी कला का प्रदर्शन किया, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया।
प्राचार्य डॉ संजय गोयल ने छात्रों की सराहना की और कहा, इस प्रतियोगिता ने न केवल छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का भी मौका मिला। इस अवसर पर डॉ एसएस मेहला, डॉ. हरिंद्र गुप्ता, प्रो. श्रीओम, डॉ. सीमा गुप्ता, डॉ. गीता गोयल, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. विनोद मान मौजूद रहे।