संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाट महाविद्यालय में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए जाट शिक्षा समिति के कुशल प्रशासक चंद्रशेखर सहारन के मार्गदर्शन में कॅरिअर काउंसलिंग सेमिनार आयोजित किया। मुख्य वक्ता सूरजमल ने शिक्षा का अर्थ, जीवन में समायोजन का महत्व और नई तकनीकी के उपयोग पर विद्यार्थियों को कई सीख दीं।
सेमिनार की अध्यक्षता जाट कॉलेज कैथल की प्राचार्या डॉ. राजकला सिहाग पूनिया ने की। प्राचार्या ने 12 वीं के बाद कॉमर्स, साइंस और आर्ट्स के विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर के विकल्प बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से नई शिक्षा नीति के बारे में मार्गदर्शन किया। यह मार्गदर्शन विद्यार्थियों को उनकी रुचि, कौशल एवं क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारण करने व प्राप्ति में सहायक होगा।
मुख्य अतिथि के रूप में जाट आईटीआई के प्रिंसिपल कुलदीप गोपेरा, जाट कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ. दिनेश ढिल्लों, जाट शाइनिंग स्टार स्कूल के प्रिंसिपल पंकज गुप्ता, जाट स्कूल के प्रिंसिपल सुबे सिंह मलिक ने शिरकत की।
प्रो. विकास और प्रो. आरती सैनी ने पीपीटी के माध्यम से सभी स्ट्रीम व कोर्स में एडमिशन लेने की प्रक्रिया बताई। इस मौके पर प्रो. राजपाल, डॉ. सुदेश राविश, राजेश बनवाला, राजेश चहल, प्रमिला व डॉ. रेणुका आदि मौजूद रहे।