महादेव कॉलोनी में नगर परिषद की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए अवैध निर्माण को बुधवार को प्रशासन ने गिरा दिया। गौरतलब है कि मंगलवार को नगर परिषद ने जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवा दिया था। जिसके बाद बुधवार को परिषद ने पुुुलिस की सहायता से निर्माण गिरवा दिया।
हालांकि इस कार्रवाई के दौरान लोगों ने विरोध तो नहीं जताया, लेकिन बाद में कैथल-पटियाला मार्ग आधे घंटे के लिए जाम कर दिया। पुलिस की सख्ती के बाद लोगों ने जाम खोल दिया। इससे पहले, बुधवार को सुबह नगर परिषद अधिकारियों ने कालोनी में पहुंच कर कई मकानों एवं प्लाटों की नींवें तहसनहस करवा दी। परिषद अधिकारियों का कहना है कि यह नगर परिषद की जमीन है। जहां अवैध निर्माण किया जा रहा है।
पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
बुधवार सुबह नगर परिषद के ईओ बीएन भारती, कार्यकारी अभियंता ठाकुर लाल शर्मा, एमई सतीश कुमार सहित परिषद के बिल्डिंग इंस्पेक्टर राजेश कुमार भारी दल-बल के साथ महादेव कालोनी पहुंचे। जहां गैस एजेंसी के सामने किए जा रहे निर्माण कार्य को गिरवा दिया। अधिकारियों ने कहा कि यहां परिषद की करीब ढाई एकड़ जमीन है। जिसमें से करीब एक एकड़ जमीन को कब्जा लिया गया है। इसी एक एकड़ को खाली करवाया गया है। परिषद अधिकारियों ने तीन मकान, दर्जन भर प्लाटों की दीवारें और नींव को तहस-नहस कर दिया। इस अवसर पर भारी पुलिस बल तैनात था।
प्रशासन के जाने के बाद बिफरे लोग
इस कार्रवाई के पूरा होने के बाद जब प्रशासनिक अमला मौके से चला गया तो लोगों ने एकत्रित होकर कैथल-पटियाला मार्ग पर स्थित भगवान परशुराम चौक पर जाम लगा दिया। जाम के चलते चारों ओर से यातायात बाधित हो गया। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
लोगों के पास मकान की रजिस्ट्री, फिर अवैध कैसे?
कालोनी वासी जगदीश कुमार, हरीश कुमार, राजेंद्र, मुनीष कुमार, मोनू वर्मा, कृष्ण लाल सहित अन्य ने कहा कि उन्हें यहां रहते हुए कई वर्ष हो गए हैं। इन सभी प्लाटों को उन्होंने लोगों से खरीदा था। जिसकी बाकायदा रजिस्ट्री एंव इंतकाल उनके पास है। लोगों का कहना था कि यदि ये अवैध हैं तो यहां तहसीलदार एवं पटवारी ने बिना तस्दीक किए रजिस्ट्री क्यों की। इसमें उनका क्या कुसूर है।
वहीं बिना कोई नोटिस दिए उनके मकान गिरवा दिए गए। यह निंदनीय कार्रवाई है। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बाद में पुलिस द्वारा हल्की सख्ती दिखाए जाने पर लोगों ने जाम खोल दिया। इस अवसर पर पहुंचे इनेलो नेता रामदिया चावरियां, भाजपा नेता अशोक गोयल ने भी प्रशासन की कार्रवाई को निंदनीय बताया। नायब तहसीलदार रामचंद्र ने भी लोगों को आश्वासन दिया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कई लोगों की रजिस्ट्री की प्रतियां भी ली और कहा कि मामले की जांच की जाएगी।