कैथल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने अवैध कॉलोनाइजेशन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को अर्बन एरिया कैथल के अंतर्गत आने वाली राजस्व संपदा शेरगढ़ में विकसित की जा रही करीब एक एकड़ क्षेत्र की अवैध कॉलोनी ध्वस्त कर दी। इसके साथ ही ग्योंग रोड पर बने एक अवैध स्ट्रक्चर को भी गिराया गया।
जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान वे स्वयं ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौके पर मौजूद रहे। भारी पुलिस बल के साथ विभाग का दस्ता दोपहर जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचा। इस दौरान अवैध कॉलोनी में बनाई गई कच्ची सड़कों, डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) तथा ग्योंग रोड स्थित अवैध स्ट्रक्चर की अप्रोच रोड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि संबंधित भू-मालिकों और प्रॉपर्टी डीलरों को पहले ही एचडीआर एक्ट-1975 की विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के आदेश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद न तो निर्माण रोका गया और न ही विभाग से किसी प्रकार की अनुमति ली गई। नियमों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित भू-मालिकों और प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ पुलिस स्टेशन एनफोर्समेंट, कैथल में मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है।
डीटीपी ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।