जिला नगर योजनाकार कार्यालय और ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुदेश मेहरा की अगुवाई में गांव चंदाना क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कालोनी पर पीला पंजा चलाया गया। जेसीबी से अवैध कॉलोनी और मार्केट को ढहाई का कार्य सुबह 10 बजे शुरू किया गया।
अर्बन एरिया कैथल के राजस्व संपदा गांव चंदाना में कैथल-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर 1.5 एकड़ भूमि पर पनप रही नई अवैध कॉलोनी, मार्केट में तोड़फोड़ की कार्रवाई पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत सफलता पूर्वक क्रियांवित की गई। 1.5 एकड़ में पनप रही मिट्टी की सड़कें, 11 निर्माणाधीन दुकानें व एक टायर पंक्चर के खोखे को शुरुआती चरण में पीले पंजे की मदद से तोड़ दिया गया।
डीसी प्रदीप दहिया के अनुसार बिना विभागीय अनुमति के अर्बन ऐरिया कैथल के अंतर्गत पडऩे वाली राजस्व संपदा गांव चंदाना में कैथल-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर 1.5 एकड़ भूमि में विकसित हो रही 11 दुकानें, 1 टायर पंक्चर का खोखा व मिट्टी की सड़क बनाकर अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था, जिसके उपरांत विभाग द्वारा भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी करके कॉलोनी विकसित करने के लिए जरूरी अनुमति प्राप्त करने वाले आदेश दिए गए थे, परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा न तो मौके पर बनाई जा रही अवैध कालोनी का निर्माण रोका और न ही विभाग से किसी प्रकार की अनुमति ली। डीटीपी ने कहा कि लोग वैध कालोनियों में ही प्लाट खरीदें।