इंदिरा गांधी पीजी महिला कॉलेज में हाल ही में स्वीकृत हुई एनसीसी यूनिट के सदस्य
कैथल। इंदिरा गांधी पीजी महिला कॉलेज में हाल ही में स्वीकृत हुई एनसीसी यूनिट के अंतर्गत 10 हरियाणा बटालियन कुरुक्षेत्र की टीम ने कॉलेज में निरीक्षण एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की। निरीक्षण का नेतृत्व कर्नल नितीश कुमार ने किया। सूबेदार दिलबर ख़ान और हवलदार देवेंद्र ने छात्राओं का भौतिक परीक्षण एवं लिखित परीक्षा के आधार पर मूल्यांकन किया । चयन प्रक्रिया में कई छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, इस दौरान प्रथम वर्ष की 18 छात्राओं का चयन किया गया।
कॉलेज के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने बटालियन की टीम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी यूनिट का मिलना छात्राओं के लिए नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करेगा। प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने कहा कि एनसीसी छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रीय कर्तव्य भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है । एनसीसी सीटीओ प्रो.शगुन शर्मा ने चयन प्रक्रिया के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मौके पर कॉलेज सांय कालीन प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर भी उपस्थित रही ।
निरीक्षण के अवसर पर कॉलेज की रिटायर्ड इंग्लिश प्राध्यापक व मेजर मीनाक्षी कौशल ने भी शिरकत की ।तथा प्राध्यापक वर्ग से डॉ. सलिन्द्र आचार्य, प्रो. सीमा सुनेजा, प्रो. नंदिता, प्रो. रीना, प्रो. श्वेता गुप्ता ,प्रो. नीरू और प्रो. मोनिका भी उपस्थित रहे। प्रबंधक समिति एवं प्रशासन ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि कॉलेज की एनसीसी यूनिट भविष्य में जिला एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम उज्ज्वल करेगी।