कैथल। इंदिरा महिला महाविद्यालय में इस सत्र से गणित में एमएससी की कक्षाएं आरंभ होगी। इसके लिए उच्चत्तर शिक्षा विभाग ने कॉलेज को मंजूरी दे दी है। कॉलेज में एमएससी गणित की कक्षाएं आरंभ होने पर कॉलेज प्रबंधक समिति ने लोक निर्माण मंत्री रणदीप सुरजेवाला का आभार प्रकट किया है।
कॉलेज में एमएससी की कक्षाएं आरंभ होने से जिले की की छात्राओं का काफी लाभ होगा। इसके अलावा कॉलेज में बीए के कंप्यूटर साइंस की शिक्षा भी प्राप्त कर सकते हैं। एमएससी गणित के लिए कॉलेज को 60 सीटें मिली हैं।
कॉलेज प्रबंधक समिति के उप प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने बताया कि एमएससी गणित व बीए के साथ कंप्यूटर साइंस को मंजूरी मिल गई है। एमएससी गणित के लिए 60 सीटें व बीए के कंप्यूटर साइंस के साथ 200 सीटों की मंजूरी मिल गई है। इस सत्र से ही दोनों विषयों की पढ़ाई कॉलेज में आरंभ कर दी जाएगी।
जिले की छात्राओं को लाभ : प्राचार्या
कॉलेज प्राचार्या डा. साधना ठुकराल ने बताया कि कॉलेज में एमएससी गणित व कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं आरंभ होने से जिले की छात्राओं को काफी लाभ होगा। उन्हें अब दूसरे जिलों और राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा।