कैथल। जाखौली अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में विभाग की तरफ से बिल नहीं भरा गया तो बिजली का कनेक्शन काट दिया। कनेक्शन कटने के बाद यहां पर पढ़ाई करने के लिए पहुंच रही छात्राओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालात यह है कि स्कूल से बाहर लगे पड़ोस के ट्यूबवेल के माध्यम से पानी लेकर आना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि इस स्कूल पर बिजली निगम का करीब चार लाख रुपये का बकाया है। पिछले एक साल से बिल के लिए बजट नहीं मिला था। इस कारण अब बिजली निगम के पास कनेक्शन काटने की नौबत आई है। पिछले वर्ष दिसंबर महीने में करीब तीन लाख रुपये का बिल लंबित था। उस समय से लेकर अब तक जाखौली अड्डा स्थित स्कूल के बिजली का बिल नहीं भरा गया था।
बिजली का बिल नहीं भरने की स्थिति में बिजली निगम की तरफ से पहले भी सरकारी स्कूलों का कनेक्शन काटा गया था। करीब छह महीने पहले गांव शेरगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में एक लाख रुपये का बिल नहीं भरने की स्थिति में कनेक्शन काटा था। इस मामले में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एक्सईएन मनीष दलाल ने बताया कि स्कूल में कनेक्शन काटने को लेकर जानकारी नहीं है। इस मामले में संबंधित क्षेत्र के एसडीओ से जानकारी प्राप्त की जाएगी।
वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही ने कहा कि जल्द ही बिजली का बिल जमा करवा दिया जाएगा। इसके बाद छात्राओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी।