संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नशा मुक्ति अभियान की टीम के सदस्य बने पुलिसकर्मी की एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें पुलिसकर्मी नशे की शिकायत देने के लिए फोन करने वाले युवक को पुलिसकर्मी की ओर से धमकाने की बात सामने आई है।
ऑडियो में पुलिसकर्मी बोल रहा है कि मैं तुम्हारा नौकर नहीं हूं। नशा छोड़ना है तो सरकारी अस्पताल से दवा ले लो। नशे से संबंधित शिकायत करनी है तो डायल 112 पर फोन करो। जब इस संबंध पुलिसकर्मी से बातचीत की गई तो उसने कहा कि आरोप लगाने वाला व्यक्ति
फोन कर उसे बार-बार परेशान कर रहा था। पुलिसकर्मी का कहना है कि उन्हें
एक योजना के तहत बदनाम किया जा रहा रहा है।
गौरतलब है कि आरोपी पुलिसकर्मी सुनील सिंधु कैथल पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। उनकी काफी समय से कैथल पुलिस प्रशासन ने नशा मुक्ति अभियान के लिए विशेष टीम में ड्यूटी लगाई हुई है। इसके तहत वह लगातार अभियान चलाते हैं और फील्ड में जाकर लोगों को जागरूक करते हैं।
वायरल ऑडियो में पुलिसकर्मी और युवक के बीच करीब एक मिनट आठ सेकेंड तक फोन पर बात होती है। शुरू में 10 से 15 सेकेंड तक सुनील युवक से आराम से बात करते हैं, लेकिन बाद में उतावले हो गए और युवक को खरी-खरी सुनाने लगे हैं। युवक कहता है कि उसने नशा नहीं किया, शिकायत देनी थी।
पुलिसकर्मी सुनील सिंधू ने कहा कि यह नशा प्रवृत्ति किस्म का व्यक्ति है और इस युवक पर खुद पर चोरी का केस दर्ज है। कई बार फोन कर चुका था। यह एक योजना थी। यह कुछ दिन पहले की बात है। अब ऑडियो वायरल हुआ है।
दूसरी ओर गुहला के डीएसपी व नशा मुक्ति अभियान के नोडल जिला अधिकारी कुलदीप बैनीवाल ने कहा कि टीम के सदस्य सुनील संधू के ऑडियो वायरल होने की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। यदि सुनील संधू ने किसी युवक को नशा को लेकर धमकाने की कोई बात कही है तो यह गलत है। इस मामले में ऑडियो की वास्तविकता जानेंगे। इसके बाद ही आगामी विभागीय कार्रवाई करेंगे।
सोशल वर्कर भी है सुनील सिंधू
कॉन्स्टेबल सुनील सिंधू पुलिसकर्मी के साथ-साथ सोशल वर्कर भी है। वह संस्थाओं के साथ मिलकर जरूरतमंदों की मदद भी करते हैं। कैथल पुलिस की ओर से वह नशा मुक्ति अभियान चलाते हैं। हाल ही कैथल के अंबेडकर भवन में कैंप लगाया था, जिसमें नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। वह सोशल मीडिया पर भी बहुत एक्टिव रहते हैं।