संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन, कैथल। डीसी प्रीति ने सीवन में होने वाले नगर पालिका चुनाव के संदर्भ में मंगलवार को बूथों का दौरा करते समय ब्लॉक समिति कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर ब्लॉक समिति अध्यक्ष के बजाय उनके पति कुर्सी पर बैठा मिला।
इस पर डीसी ने नाराजगी जताते हुए अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जारी किए। दूसरी ओर अध्यक्ष के पति का सफाई में कहना
था कि वह साथ की दूसरी कुर्सी पर
बैठे थे।
डीसी प्रीति ने कहा कि इस बात को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा कि महिला जनप्रतिनिधि के स्थान पर उनके प्रतिनिधि सीट पर बैठें और उनका काम करें। आमजन ने जिन्हें अपना बहुमूल्य वोट देकर चुना है, इसलिए महिला जनप्रतिनिधि स्वयं आगे आकर अपना कर्तव्य निभाएं। डीसी ने कहा कि सीवन ब्लॉक समिति अध्यक्ष बलविंद्र कौर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जारी किए हैं।
दूसरी ओर सीवन पंचायत समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरमीत सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी बलविंद्र कौर ही अध्यक्ष हैं और कार्यालय में वही अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठती हैं। वह किसी काम से सीवन में आए थे। उनके पास पंचायत समिति सदस्य का फोन आया तो वह उसे मिलने के लिए कार्यालय में आए हुए थे। वह अध्यक्ष की कुर्सी पर नहीं बैठे थे, बल्कि साथ की दूसरी कुर्सी पर बैठे थे।