37-कलायत। घटना की जानकारी देते डीएसपी सज्जन कुमार व एसएचओ बलदेव मलिक।
- फोटो : Kaithal
कलायत। कलायत के गांव बात्ता में 24-25 जुलाई की रात्रि को तीन बच्चों की मां की संदिग्ध हालात की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पति ने ही पत्नी को गला घोेटकर मार डाला। बाद में उसके शव को जला दिया गया।
कलायत मुख्यालय में डीएसपी सज्जन कुमार ने घटना के संबंध में खुलासा करते हुए बताया कि थाना प्रभारी बलदेव सिंह मलिक की अगुवाई में पुलिस टीम ने जो जांच की, उसमें ऐसे साक्ष्य मिले हैं। इनके मुताबिक 42 वर्षीय मुकेश की कपड़े से गला घोंटकर हत्या की गई। सबूतों को मिटाने के लिए मृतका के मायका पक्ष को बिना सूचना दिए आनन-फानन में अगली सुबह गांव की शमशान भूमि में संस्कार कर दिया। इस बीच फोन पर बातचीत के बाद मदद के लिए सहारनपुर के जिवाला गांव निवासी भाई मोनू जब बात्ता गांव पहुंचा तब तक बहन का अंतिम संस्कार किया जा चुका था।
मोनू की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचीं। उसने घर से खून के कुछ नमूने बरामद किए। इसके बाद पुलिस श्मशान घाट पहुंचीं, जहां चिता जल चुकी थी। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया। डीएसपी सज्जान कुमार ने कलायत थाना प्रभारी टीम, सीन आफ क्राइम और दूसरे एक्सपर्टों के साथ घटना का मौका मुआयना किया। मृतका की राख ठंडी होने के तक पुलिस टीम शमशान भूमि पर निगरानी करती रही। बाद में फोरेसिंक टीम ने अस्थियों को एकत्रित करने के लिए बड़े झरने का इस्तेमाल किया। इस सारी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई। डीएसपी ने बताया कि शमशान भूमि से जुटाए गए सभी साक्ष्यों को रसायनिक परीक्षण के लिए मधुवन पुलिस प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। लैब में मृतका के डीएनए टेस्ट के साथ-साथ कुछ अहम परीक्षण भी होंगे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
20 साल पहले हुई थी शादी
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव जिवाला थाना फतेहपुर निवासी मोनू ने बताया कि 20 वर्ष पहले उसकी बहन मुकेश देवी की शादी गांव बात्ता निवासी प्रमोद कुमार के साथ हुई थी। बहन के तीन बेटे विशाल (18), शक्ति (17) व आर्यन (16) हैं। आरोप है कि उसकी बहन के साथ उसका बहनोई मारपीट करता था। कई बार पंचायतों में समझौता भी हुआ। उसकी बहन 19 अप्रैल को उसकी मौसी के लड़के शुभम की शादी में रामखेडी थाना फतेपुर (सहारनपुर) गई थी। भांजा शक्ति सिंह उसकी बहन को पांच जुलाई 2022 को वापस बात्ता ले आया। कुछ दिन उसकी बहन मुकेश देवी ठीक रही। इसके बाद फिर से प्रमोद कुमार ने मुकेश देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। 24 जुलाई को रात के समय 9:18 पर उसकी बहन मुकेश देवी ने उसके पास फोन किया कि प्रमोद कुमार उसकी पिटाई कर रहा है। इस पर उसने बहन को समझाया कि वह सुबह आ जाएगा। फिर दोबारा 9:24 फिर फोन आया। उसने फिर कहा कि वह सुबह आ जाएगा। सोमवार सुबह उसने सात बजकर 25 मिनट पर फोन किया तो उसके जीजा के ताऊ अंग्रेज ने उसे बताया कि उसकी बहन की मौत हो गई थी और सुबह छह बजे उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया।