कैथल। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने भले ही अभी प्रदेश के गुरुद्वारों की सेवा संभाल अपने हाथ में नहीं ली हो, लेकिन कमेटी ने हरियाणा के अलावा देश भर के सिखों हितों के लिए आवाज बुलंद करना शुरू कर दिया है।
कैथल में मीटिंग में भाग लेने के सिलसिले में पहुंचे एचएसजीएमसी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने ‘अमर उजाला’ से विशेष बातचीत में कहा कि एचएसजीएमसी का गठन पूरी तरह से कानून अनुरूप हुआ है। कमेटी हरियाणा सहित पूरे विश्व के सिखों के हितों के लिए काम करेगी।
उन्होंने कहा कि पाक के गुरुधामों में साल में तीन बार जत्थे दर्शन के लिए जाते हैं। बैठक में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से मांग की जाएगी कि पाक जाने वाले इन जत्थों में एचएसजीएमसी के लिए कोटा अलॉट किया जाए। इसके अलावा हरमंदिर साहिब में जाने वाली हरियाणा की संगत के लिए अलग से सराय आरक्षित की जाए। इस सराय में नौकरी भी हरियाणा के युवाओं को दी जाए। उन्होंने कहा कि अक्सर वहां संगत को कमरा लेकर ठहरना पड़ता है। इस संबंध में वह एसजीपीसी को पत्र लिखेंगे।
सहारनपुर घटना पर गृहमंत्री को लिखेंगे चिट्टी
झींडा ने यह भी कहा कि सहारनपुर की घटना दुखदायी है। यह एक गहरी साजिश का हिस्सा है। जो जांच में ही सामने आ सकता है। वे यूपी के सीएम अखिलेश यादव सहित केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर कमेटी गठित कर इस मामले की जांच की मांग करेंगे।
‘चंडीगढ़ में एसजीपीसी कार्यालय का 40 प्रतिशत हिस्सा दिया जाए’
एचएसजीएमसी की एक अन्य प्रमुख मांग है कि चंडीगढ़ में एसजीपीसी का जो कार्यालय है, उसमें एचएसजीएमसी को 40 प्रतिशत हिस्सा दिया जाए। उन्होंने कहा कि अलग कमेटी की कार्यकारिणी के गठन के बाद अब उन्हें पता चला है कि गुरुद्वारा नाडा साहिब की गोलक को एसजीपीसी ने पांच दिन पहले ही खोल लिया है, जबकि नियमानुसार इसे 15 दिन में एक बार खोला जाता है। इसके अलावा बैंकोें के खातों को भी खाली किया जा रहा है। जो नियमों के खिलाफ है। एचएजीएमसी द्वारा कार्यभार संभाल लिए जाने के बाद इस तरह की निकासी की जांच करवाई जाएगी। 31 जुलाई की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
राज्यपाल से करेंगे मुलाकात
जगदीश सिंह झींडा ने यह भी बताया कि एचएसजीएमसी शीघ्र ही हरियाणा में सेवा संभाल के लिए राज्यपाल से भी मिलेगी। मिलने की तिथि का फैसला 31 जुलाई की बैठक में होगा।