एचएसईबी कर्मचारियों द्वारा मुख्य गेट पर रोष प्रदर्शन करते हुए।
राजौंद। एचएसईबी कर्मचारियों के अंतर्गत सब यूनिट की ओर से बुधवार सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक मुख्य गेट पर बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता यूनिट पूंडरी के मुख्य सलाहकार रोहताश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन सुखदेव शर्मा ने किया। मीटिंग में कर्मचारियों ने लंबित मांगों के संबंध में मंथन किया।
कर्मचारियों का कहना है कि राजौंद के कई कर्मचारियों—मनोज कुमार, मुकेश कुमार, प्रवीण कुमार (लाइनमैन), जगदीश जेई और सतिश जेई—की चार्जशीटों का जवाब पिछले दो वर्षों से संबंधित अधिकारियों को दिया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद एसई कैथल व एसई एचआर पंचकूला की ओर से अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इस देरी के कारण वे प्रमोशन, एसीपी और अन्य लाभों से वंचित हो रहे हैं, जबकि अधिकारियों की चार्जशीटों का निपटारा कर उन्हें प्रमोशन दिया जा चुका है। इसके अलावा कर्मचारियों ने उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) राजौंद पर भी समय पर कार्यालय न आने और देर तक बैठकों का आयोजन करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है और कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बढ़ता है। देर रात तक बैठकों के चलते किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने की आशंका भी जताई गई। अश्वनी ढांडा ने चेतावनी दी कि जब तक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर कुलदीप बनवाला, गुरुदेव मुंडे, प्रवीण कोटड़ा, रमन, रोहतास (कैशियर), कृष्ण जाखौली, मोहित (एसएसए), मनोज, जगबीर, सब सिंह जेई, जगदीश मौजूद रहे।