कैथल। जिले के गांव कौल निवासी एक गृहिणी को टेलीग्राम पर ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर साइबर ठगों ने 2.43 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पहले गूगल पर 5-स्टार रेटिंग देने के बदले भुगतान कर भरोसा जीता और बाद में निवेश के नाम पर लगातार रुपये ट्रांसफर करा लिए। मामले में साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कौल निवासी रितू रानी ने बताया कि उसके पास टेलीग्राम पर संदेश आया कि गूगल रिव्यू देने के लिए लोगों की आवश्यकता है। प्रत्येक 5-स्टार रेटिंग के बदले 150 रुपये देने का दावा किया गया। उसने अपना बैंक खाता विवरण साझा किया और बताए गए लिंक पर रेटिंग दी। इसके बाद ठगों ने उसके खाते में 4,110 रुपये भेज दिए जिससे उसे भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने अधिक कमाई का लालच देकर निवेश करने के लिए कहा। उन्होंने एक क्यूआर कोड और यूपीआई आईडी भेजी, जिस पर रितु रानी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1.43 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने कहा कि रकम निकालने के लिए एक लाख रुपये और जमा कराने होंगे। शिकायत के अनुसार उसने अपने देवर राजेश कुमार निवासी बरसाना से आरोपियों की बताई यूपीआई आईडी पर एक लाख रुपये भेजने को कहा। राजेश ने राशि ट्रांसफर कर स्क्रीनशॉट भेज दिया जिसे उसने ठगों को भेज दिया। इसके बावजूद आरोपियों ने न तो राशि लौटाई और न ही संपर्क किया।