संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में शन्नो देवी का जन्म दिवस हिंदी-दिवस के रूप में मनाया। इस मौके पर सत्र 2022-23 में हिंदी विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 2000 रुपये की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बीए प्रथम वर्ष की मीनाक्षी, बीए द्वितीय वर्ष की मुस्कान, स्वाति, सिमरन ने अपनी कविताएं तथा बीएमसी की छात्रा सचलीन ने अपने भाषण के माध्यम से हिंदी भाषा का महत्व और नारी जीवन से संबंधित अपने वक्तव्य प्रस्तुत किए। बाद में इन छात्राओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख समाजसेवक सत्यदेव ने शिरकत की। प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग व सायं कालीन सत्र की प्राचार्या इंचार्ज श्वेता तंवर व स्टाफ सदस्यों ने मुख्यातिथि व मैनेजमेंट सदस्यों का कॉलेज पहुंचने पर पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। महिला महाविद्यालय समिति के प्रधान जगदीश बहादुर खुरानिया, कॉलेज प्रधान राम बहादुर खुरानिया व जनरल सेक्रेटरी नरेंद्र मिगलानी आदि ने दीप प्रज्ज्वलित किया।
एमएमवी समिति प्रधान जेबी खुरानिया ने कहा कि शन्नो देवी एक आत्मनिर्भर, शिक्षित और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक स्त्री रही, जिसकी प्रेरणा आज की छात्राओं को भी लेनी चाहिए। महाविद्यालय के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने कहा कि महिलाओं का विकास शिक्षित होने में ही निहित है।