प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर डाक्टर को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। डाक्टर और महिला का मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मृतक का लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में लेकर पुलिस आगामी जांच कर रही है। दूसरी ओर गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि सिविल अस्पताल कैथल में तैनात एमबीबीएस डाक्टर ने 24 मार्च को अपने गांव में निर्माणाधीन दुकान की छत पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के भाई की शिकायत पर दर्ज मामले के अनुसार उसके भाई को लगभग 18 माह से गांव की एक विवाहिता प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही थी। यही कारण है कि डॉक्टर ने सामाजिक अपमान के डर से आत्मघाती कदम उठाया। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।