कैथल। प्रदेश सरकार की ओर से पर्यटन को बढ़ावा देने एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के उद्देश्य से “होम स्टे” और “फार्म स्टे” योजनाएं अधिसूचित की गई हैं। यह जानकारी एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने दी है। उन्होंने बताया कि होम स्टे योजना के तहत आवासीय घरों को पर्यटकों के ठहराव के लिए उपयोग में लाने की अनुमति दी गई है।
इससे पर्यटक स्थानीय संस्कृति और रहन-सहन का अनुभव कर सकेंगे। वहीं, फार्म स्टे योजना के तहत किसानों एवं कृषि भूमि स्वामियों को अपनी कृषि भूमि पर पर्यटकों के ठहराव हेतु सुविधाएं उपलब्ध कराने की अनुमति दी गई है। इसके माध्यम से पर्यटक ग्रामीण जीवन, खेती-बाड़ी और प्राकृतिक परिवेश का अनुभव कर सकेंगे। सरकार को विश्वास है कि इन योजनाओं से राज्य के पर्यटन क्षेत्र में नवाचार आएगा और स्थानीय समुदाय को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं के तहत पंजीकरण एवं लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है।
सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। स्थानीय निवासियों को रोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध होंगे। राज्य में पर्यावरणीय पर्यटन (Eco Tourism) को भी बढ़ावा मिलेगा। उक्त योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी हरियाणा पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.haryanatourism.gov.in पर उपलब्ध है।