संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाट काॅलेज में बीए व बीएससी संकाय के विद्यार्थियों ने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में एक शिविर आयोजित किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष एवं डीसी प्रीति ने कहा कि आपदाओं और आपातकाल में लोगों की मदद करना करना पुण्य का कार्य है।
उन्होंने कहा कि सभी स्वयं सेवकों को किसी भी आपातस्थिति में सेवा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। रेडक्रॉस हमें स्वास्थ्य, सेवा तथा दोस्ती का संदेश देती है। इसलिए हमें हमेशा अपने एवं दूसरों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। इसके साथ ही किसी न किसी रूप में दूसरों की सेवा करनी चाहिए, क्योंकि सेवा करने से मनुष्य में अहंकार खत्म हो जाता है। इसके अलावा जीवन में एक ऐसा दोस्त भी जरूर होना चाहिए जो आपके हर सुख दुख में साथ दें।
ऐच्छिक विषय लागू होने पर बच्चों में जन कल्याण के कार्यों के प्रति रूचि पैदा होगी, जिससे कि बच्चे आपदाओं और आपातकाल में लोगों की मदद करके उनको अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे। इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि इस विषय को गंभीरता से लें और दूसरों को भी समाज सेवा के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस दशकों से समाज की सेवा कर रहा है और युवाओं को इसके लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंग दान करना बहुत बड़ी सेवा है। कुछ लोग सड़क हादसों की वजह से जान गंवा देते हैं और जाते जाते अपने अंग दान करके समाज सेवा कर जाते हैं। उनके द्वारा दिए गए अंगदान अगले व्यक्ति के काम आते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशा के खिलाफ शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर जाट कालेज के प्राचार्य डाॅ. दिनेश सिंह, काउंसलर डाॅ. अजय बनवाला, डाॅ. बीरबल दलाल सहित अन्य स्वयं सेवक व कालेज स्टाफ मौजूद रहा।
प्रदेश का पहला कॉलेज, जहां रेडक्रॉस की पढ़ाई
रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल ने बताया कि प्रदेश में यह पहला कालेज है, जहां रेडक्रॉस विषय की शुरुआत की गई है। कॉलेज में करीब 240 विद्यार्थियों ने रेडक्रॉस विषय को लिया है। रेडक्रास राष्ट्रीयता, जाति, धर्म, वर्ग या राजनीतिक राय के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करता। इसके माध्यम से विभिन्न प्रकार के जन कल्याण के कार्य किए जाते है।