संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत विधानसभा क्षेत्र में हुए मतदान के दौरान छुटपुट घटना को छोड़ कर किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। गांव सेरहदा में टैंट लगाने को लेकर दो प्रत्याशियों के बीच कहा सुनी हो गई थी जिसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा के प्रबंध कड़े कर दिए गए थे। गर्मी के बावजूद करीब 63 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले की तुलना में इस बार पोलिंग बूथों पर मतदान पर्ची बनवाने वालों की संख्या बेहद कम रही।
उन्होंने बगैर राजनैतिक दलोंं के कार्यकर्ताओं से बात और मुलाकात के अपने वोट कार्ड व स्लिप के साथ सीधे मतदान केंद्र पर मतदान किया। इससे उम्मीदवार और उनके समर्थक फायदे और घाटे का आंकलन नहीं कर पाए।
मतदान के लिए बूथों पर लाइनें तो सुबह से ही लगना शुरू हो गई थी। तीन बजे तक मतदान 50 प्रतिशत को पार कर गया था। सायंकाल साढ़े चार बजे के बाद से बूथों पर फिर से मतदाताओं की लंबी लंबी लाइनें लग गई और मतदान के प्रतिशत में अपेक्षित सुधार नजर आया।
छह बजे मतदान केंद्रों के मुख्यद्वार बंद कर दिए गए और जो मतदाता लाइनों में लगे थे उनका मतदान करवाया गया। मतदान केंद्रों के बाहर मतदान करने वाले लोगों की भी भारी भीड़ थी पर निर्धारित समयावधि बीत जाने के कारण वे मतदान करने से वंचित ही रहे।
प्रत्याशियों ने किया मतदान
आजाद उम्मीदवार विनोद निर्मल ने अपने बूथ नंबर 28 पर परिवार सहित मतदान किया। उधर, आजाद प्रत्याशी अनीता ढुल ने कलायत के बूथ नंबर पर 27 पर अपने परिवार सहित मतदान किया। इसी तरह से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे विकास सहारण ने गांव दुब्बल में अपने बूथ नंबर 5 पर मतदान किया। जेजेपी प्रत्याशी डाॅ. प्रीतम मेहरा व आजाद प्रत्याशी सतविंद्र राणा ने भी अपने अपने बूथों पर मतदान किया।
उधर, एक गांव में मतदान केंद्र के बाहर जगह न मिलने के कारण से खेतों में खड़ी ज्वार की फसल में ही टैंट लगाए थे। पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना था कि भारी गर्मी के कारण से उन लोगों ने खेतों में ही अपने टेंट गाड़ लिए हैं।