संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में नौतपा खत्म होने के बाद भी तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन अब फिर से गर्मी बढ़ने लगी है। पिछले तीन दिनों से लगातार तापमान बढ़ रहा है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। उधर, बढ़ती गर्मी के बीच कई सामाजिक संस्थाएं छबील लगाकर लोगों को मीठा पानी पिला कर प्यास बुझा रही हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जून माह के बचे दिनों में गर्मी का प्रभाव और तेज होगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र कैथल के मुख्य समन्वयक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक प्रचंड होगी। हालांकि, 10 जून तक तापमान लगभग 40 डिग्री तक ही रहने की संभावना है। इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
सनातन धर्म सभा ने की सेवा
कैथल। श्री सनातन धर्म सभा की ओर से निर्जला एकादशी पर मीठे पानी की छबील लगाई गई। सभा के प्रधान रविभूषण गर्ग ने कहा कि निर्जला एकादशी के अवसर पर सभा द्वारा मंदिर के मुखय द्वार पर मीठे पानी, आलू चाट और फ्रूट की सेवा राहगीरों के लिए की गई।
प्रधान रविभूषण गर्ग, रघुबीर गर्ग, प्रेम सिंगला, हरि मिश्रा, पवन थरेजा के द्वारा राहगीरों मीठा पानी पिलाया गया। प्रधान रविभूषण गर्ग ने कहा कि सनातन धर्म सभा का परम उद्देश्य समाज और मानवता की सेवा करना है और सभा अपना यह कार्य पूरी ईमानदारी के साथ करती है। सभा का प्रत्येक सदस्य अपना कार्य पूरी ऊर्जा के साथ करता है। गर्ग ने कहा कि सहयोग से ही सभा समाज सेवा कर पा रही है। संवाद