संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में बढ़ रहे डेंगू के प्रकोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को जांच शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत रविवार को अवकाश के दिन विभाग ने ड्राई डे मनाया। ड्राई डे के तहत शहर के लोगों को डेंगू के मच्छर के लार्वा को लेकर जागरूक किया।
विभाग की ओर से मच्छर का लार्वा मिलने पर दवाई का छिड़काव कर नष्ट किया जा रहा है। वहीं, बुखार से पीड़ित लोगों के खून के सैंपल लिए जा रहे हैं। सैंपलों को जांच के लिए नागरिक अस्पताल की लैब में भेजा जाता है।
डेंगू की पुष्टि होने के बाद इलाज शुरू किया जाता है। अब तक जिले में डेंगू के 69 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं।गौरतलब है कि शनिवार को जिले में 82 जगहों पर लार्वा मिला था। इस दौरान सभी संबंधित मालिकों को नोटिस दिया व साफ-सफाई को लेकर जागरूक किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिलेभर के 10 हजार 212 घरों व दुकानों में डेंगू के मच्छर की लार्वा की जांच की। दूसरी ओर 34 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू जांच के लिए लैब में भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट आज आएगी। अब तक 4052 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ ही अब तक 3528 जगहों पर डेंगू के मच्छर का लार्वा मिल चुका है। सभी को नोटिस दिए गए हैं।
जिला सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने बताया कि डेंगू के मच्छर के लार्वा की जांच को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके तहत लोगों को इसकी रोकथाम की जानकारी दी जा रही है।