कलायत। सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत सिविल अस्पताल कैथल की टीम ने सरकारी मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलायत में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेनू चावला के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 78 दिव्यांग छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में दिव्यांग बच्चों को चिकित्सा और थेरेपी से जुड़ी सेवाएं प्रदान करने के लिए विशेषज्ञ टीम मौजूद थी। डॉ. मीनाक्षी ने फिजियोथेरेपी संबंधी परामर्श दिया, डॉ. नीलू चावला ने विशेष शिक्षा पर मार्गदर्शन किया, ऑडियोलॉजिस्ट भुवन चावला ने श्रवण जांच की और ऑप्टोमेट्रिस्ट जगदीप ने आंखों की जांच की।
शिविर का उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य जांच करना था, बल्कि अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सहायता और संसाधनों के प्रति जागरूक करना भी था। स्कूल के प्रिंसिपल सुखदेव सिंह ने टीम और विशेष रूप से सीएमओ डॉ. रेनू चावला का आभार व्यक्त किया। सीएमओ ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत समाज के सभी वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारा लक्ष्य है और शिविर से विशेष देखभाल दी गई। संवाद