संवाद न्यूज एजेंसी
पाई। पाई का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया। इससे अब ग्रामीणों को जर्जर भवन में जान जोखिम में डालकर इलाज कराने की मजबूरी से राहत मिल गई है। वहीं चिकित्सक भी अब सुरक्षित माहौल में मरीजों का उपचार कर सकेंगे।
गौरतलब है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की अपनी इमारत होने के बावजूद वह लंबे समय से जर्जर और कंडम हालत में थी। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी थी कि भवन की दीवारों में करंट आने जैसी समस्या भी सामने आई थी। सुरक्षा के मद्देनजर वहां जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे।
ग्रामीणों ने वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री से मांग की थी कि अस्पताल की पुरानी और जर्जर बिल्डिंग को गिराकर मुख्य मार्ग पर नई आधुनिक इमारत का निर्माण किया जाए। उस समय उन्हें आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद वर्षों तक यह समस्या जस की तस बनी रही। ग्रामीण समय-समय पर सरकार और जिला प्रशासन के समक्ष यह मांग उठाते रहे।
बताया गया कि जिला प्रशासन काफी समय से अस्पताल के संचालन के लिए किराये पर उपयुक्त भवन की तलाश कर रहा था, लेकिन उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। अब पूंडरी-राजौंद मार्ग पर पुराने भारतीय स्टेट बैंक वाली सड़क पर उपयुक्त भवन मिलने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को वहां स्थानांतरित कर दिया गया है।
पाई की सरपंच राजबाला और सरपंच प्रतिनिधि नरेश ढुल ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र की नई इमारत के निर्माण और उसके उन्नयन के लिए सरकार को कई बार प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे ताकि ग्रामीणों को स्थायी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।