कैथल। गांव फरल और सोलूमाजरा के बीच राणा फार्म के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपती और उनकी मां घायल हो गई। घायलों में रामू और उनकी मां ओमी की हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया। वहां से दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घायल महिला मंजू की शिकायत पर दूसरी बाइक के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सफीदों धाम से लौटते समय हुआ हादसा
पंजाब के पटियाला जिले के रुड़की गांव निवासी मंजू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 अक्तूबर को वह अपने पति रामू और सास ओमी के साथ बाइक पर सफीदों स्थित बाबा पीर के दर्शन करने गई थीं। दर्शन करने के बाद तीनों घर लौट रहे थे। बाइक उनके पति रामू चला रहे थे। जब वे फरल से सोलूमाजरा जाने वाली सड़क पर राणा फार्म के पास पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रामू और ओमी को करनाल रेफर किया गया। बाद में दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया।
दूसरे बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
जांच अधिकारी डीएसपी सुशील के अनुसार पुलिस ने मंजू की शिकायत के आधार पर दूसरी बाइक के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।