कैथल। सीवन थाना क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी थेह मुकेरिया निवासी आरोपी नसीब ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए थे। इस बात का खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि सीवन निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 26 जून को लापता हो गई थी। इस संबंध में थाना सीवन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 7 जुलाई को पुलिस टीम ने किशोरी को राजौंद क्षेत्र से बरामद कर लिया।
किशोरी के बयान के अनुसार, करीब चार महीने पहले सीवन निवासी ममता ने उसकी मुलाकात नसीब नामक युवक से करवाई थी। इसके बाद नसीब ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार संबंध बनाए। बाद में नसीब ने उसे यह कहकर अलग कर दिया कि उसकी सगाई कहीं और हो गई है। किशोरी का यह भी आरोप है कि बाद में ममता ने उसे अन्य युवकों से शादी कराने की बात कहकर उनके साथ भी संबंध बनवाए। पुलिस ने मुख्य आरोपी नसीब को गिरफ्तार कर अदालत से तीन दिन की रिमांड पर लिया है, ताकि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा सके। संवाद