गुहला-चीका। चीका पुलिस ने मॉक ड्रिल के नाम पर हरियाणा पंजाब को जोडऩे वाले कैथल पटियाला स्टेट हाइवे पर स्थित घग्गर नदी के पुल को बैरिकेड्स व अवरोधक लगाकर बंद कर दिया। स्टेट हाइवे बंद होने से वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से होकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा। बिना किसी सूचना के दो राज्यों को जोडऩे वाले मार्ग को बंद करने से स्थानीय लोगों ने रोष जताया।
कांग्रेस नेता नरेश ढांडे, किसान नेता एडवोकेट दलबीर नैन, एडवोकेट हाकम सीड़ा, दलबीर सीड़ा, पूर्व नपा चेयरमैन तरसेम गोयल, गुर सेवक सिंह ने कहा कि रविवार को कैथल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की रैली होनी थी व किसानों की ओर से जिले के सबसे बड़े गांव पाई में किसान महा पंचायत बुलाई गई थी। इन लोगों ने बताया कि किसानों की तरफ से ना तो जेपी नड्डा की रैली का विरोध करने की कोई सूचना दी गई थी और ना ही पाई किसान महा पंचायत में पंजाब की तरफ से किसानों को आना था। इसके बावजूद प्रशासन ने स्टेट हाइवे को बंद कर आम लोगों को परेशानी में डाल दिया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों भी घग्गर नदी के पुल को प्रशासन ने पूरे चालीस दिनों तक बंद रखा था। इससे आसपास के गांवों के लोगों के लिए काफी परेशानी हुई थी। उधर, डीएसपी गुहला कुलदीप बैनीवाल ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर रविवार को टटियाना बार्डर पर पुलिस का मॉक ड्रिल कार्यक्रम था, लेकिन बाद में इसे खोल दिया गया था। डीएसपी ने बताया कि रविवार का दिन होने के चलते इस मार्ग पर वाहनों की अधिक आवाजाही भी नहीं थी। डीएसपी ने बताया कि मॉक ड्रिल का भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की रैली व किसान महा पंचायत से कोई संबंध नहीं था।
-