संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा पुरुष रग्बी टीम का पहला मुकाबला बुधवार को मेजबान उत्तराखंड से होगा। जहां एक ओर उत्तराखंड जहां अपने घरेलू मैदान पर मौजूदा चैंपियन हरियाणा को चुनौती देगा। वहीं, हरियाणा की टीम लगातार चौथी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। हरियाणा ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक की मौजूदगी में 15 जनवरी को गुरुग्राम में हरियाणा टीम का चयन भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन ने किया था।
भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन के सचिव विजय कुमार ने बताया कि 12 सदस्यीय हरियाणा टीम में झज्जर, हिसार, अंबाला, फरीदाबाद और सोनीपत सहित सात अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें भारतीय रग्बी सेवन एस टीम के कप्तान दीपक कुमार पुनिया और रग्बी 15 एस टीम के मौजूदा कप्तान मोहित खत्री (उप कप्तान) के साथ पूर्व कप्तान विकास खत्री और प्रिंस खत्री भी हैं।
इसके अलावा टीम में अजय देसवाल, नीरज खत्री, सुरेश कुमार, तिलक राज, मोहित तुशीर, प्रणय कुमार, अनिकेत और सलीम भी हैं। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त खिलाड़ियों के रूप में अनुज पाल और साहिल को रखा गया है।
टीम को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और रग्बी इंडिया लेवल-वन कोच भूपेंद्र भोकन कोचिंग देंगे।
जबकि नवदीप को मैनेजर
और अंजू यादव को फिजियोथैरेपिस्ट नियुक्त किया गया है। हरियाणा टीम खिताब बरकरार रखने के लिए पूरी तैयारी और जोश के साथ मुकाबले में उतरेगी।
गौरतलब है कि पुरुषों और महिलाओं की प्रतियोगिताएं 29 जनवरी से 31 जनवरी के बीच होंगी। मैच एथलेटिक स्टेडियम फील्ड, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून, उत्तराखंड में आयोजित किए जाएंगे। दोनों ही आयोजनों में आठ-आठ टीमें भाग लेंगी - मेजबान उत्तराखंड और हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और दिल्ली पुरुष वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जबकि महिला वर्ग में तमिलनाडु हरियाणा की जगह लेगा। 37वें राष्ट्रीय खेल 2023 गोवा में पुरुषों के टूर्नामेंट में हरियाणा चैंपियन बना था।