संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। हरियाणा के आगामी राज्य बजट 2026-27 को लेकर सरकार ने जन-भागीदारी की दिशा में ठोस कदम बढ़ा दिए हैं। इसी कड़ी में युवाओं और खेल क्षेत्र पर केंद्रित प्री-बजट परामर्श बैठक के लिए कलायत उपमंडल के गांव बालू निवासी तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के छात्र हर्ष बूरा का चयन किया गया है। राज्य एनएसएस अवॉर्डी हर्ष बूरा 22 जनवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष प्रदेश के युवाओं की ओर से महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
गांव बालू गादड़ा पट्टी के सरपंच दिनेश बूरा ने बताया कि यह विशेष प्री-बजट परामर्श बैठक 22 जनवरी 2026 को
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद्गीता ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य हरियाणा विजन-2047 के तहत युवाओं के सर्वांगीण विकास, उच्च शिक्षा, कौशल विकास और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए जमीनी स्तर से नीतिगत सुझाव प्राप्त करना है।
सरपंच दिनेश बूरा ने कहा कि हर्ष बूरा का चयन इस बात का प्रमाण है कि सरकार नीति निर्माण प्रक्रिया में युवाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। इससे न केवल गांव बालू बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
ग्रामीण खेल ढांचे और युवा नेतृत्व पर रहेगा फोकस
समाजशास्त्र विभाग के छात्र हर्ष बूरा ने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री के समक्ष ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के बुनियादी ढांचे के विस्तार, युवा सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी नीतियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी समय की मांग है और इस मंच के माध्यम से वह युवाओं की वास्तविक समस्याओं और अपेक्षाओं को सामने रखने का प्रयास करेंगे।