कैथल। आरकेएसडी पब्लिक स्कूल में अन्नांजलि अर्पण उत्सव का आयोजन किया गया, जिसके तहत विद्यार्थियों ने अन्न व अन्य उपयोगी वस्तुओं का दान किया। माघ माह में त्याग व दान की महत्ता को समझते हुए बच्चों ने चावल, दाल, धन व वस्त्र आदि का अर्पण किया। विद्यालय में एकत्रित किया गया यह अन्न व सामग्री शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में वितरित की जाएगी। इनमें वृद्ध आश्रम, अनाथ आश्रम, बाल वाटिका, कुष्ठ आश्रम, गुग्गा माड़ी, गौशाला तथा झुग्गी-झोपड़ियों को शामिल किया गया है। प्रधानाचार्या निवेदिता भट्ट ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में दान व परोपकार की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है और यदि बच्चों में प्रारंभ से ही त्याग व सेवा के संस्कार विकसित किए जाएं, तो वे भविष्य में श्रेष्ठ नागरिक बनते हैं। संवाद