संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के तहत बनने वाले स्मार्ट कार्ड अब अप्रैल महीने से बस स्टैंड पर आना शुरू होंगे।
इसके बाद ही लाभार्थियों को यह कार्ड मिल पाएंगे।जानकारी अनुसार अब तक करीब डेढ़ हजार परिवारों की ओर से ऑनलाइन माध्यम से आवेदन किया गया है। बता दें कि इस योजना के तहत अभी अटल सेवा केंद्र के माध्यम से कार्ड बनाने के लिए आवेदन हो रहे हैं।
यह है हैप्पी योजना ः प्रदेश सरकार ने एक लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों के लिए हरियाणा रोडवेज में निशुल्क यात्रा देने की योजना शुरू की है। इसके तहत जिले के करीब एक लाख परिवारों को इसका लाभ मिल पाएगा। इसमें लाभार्थी परिवार रोडवेज की सामान्य बसों में सालाना एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क सफर कर पाएंगे। योजना के लाभार्थी परिवारों को एक स्मार्ड कार्ड बनाकर दिया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से ही वे रोडवेज की बसों में सफर तय कर पाएंगे। यह
रोडवेज में परिचालकों की ओर से प्रयोग की जा रही ई-टिकटिंग मशीनों से जुड़ा हुआ होगा।
योजना के लिए लाभार्थियों की पहचान परिवार पहचान पत्र यानि पीपीपी माध्यम से की जाएगी। हैप्पी योजना के तहत लाभार्थी परिवार को स्मार्ट कार्ड खरीदने के लिए केवल 50 रुपये की एकमुश्त लागत का भुगतान करना होगा। जबकि कार्ड की अन्य कीमत सरकार की ओर से ही अदा की जाएगी।
प्रदेश सरकार ने सात मार्च को हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) शुरू की है। इस योजना के तहत सरकार की ओर से अटल सेवा केंद्र के माध्यम से ई स्मार्ट बनाने शुरू कर दिए गए है। योजना के तहत बस अड्डा पर अप्रैल माह में स्मार्ट कार्ड आना शुरू होंगे। - रोहताश जांगड़ा, संस्थान प्रबंधक, बस अड्डा, कैथल।