कैथल। प्रदेश सरकार की ओर से पिछले साल शुरू की गई हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के तहत लाभार्थियों को झटका लगा है। दरअसल, कार्ड के एक हजार किलोमीटर पूरा होने के बाद अभी तक सरकार ने कार्ड रिचार्ज करने के आदेश जारी नहीं हुए हैं। ऐसे में हैप्पी कार्ड योजना में लाभार्थियों को अभी सरकार के आदेशों का इंतजार करना होगा। आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के कारण हैप्पी कार्ड बनने बंद हुए थे। इस कारण अब तीन से चार महीने में हैप्पी कार्ड बन रहे। वहीं, अब विभाग के नियम के अनुसार पिछले साल के किलोमीटर पूरा होने के बाद अब हैप्पी कार्ड के तहत किलोमीटर अपडेट नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में यह लाभार्थी अपने हैप्पी कार्ड से निशुल्क यात्रा नहीं कर पाएंगे, क्योंकि अभी तक आगे किलोमीटर बढ़ाने पर सरकार की ओर से फैसला लिया जाना बाकी है।
योजना के तहत रोडवेज की बसों में सरकार ने हैप्पी कार्ड धारकों को एक हजार किलोमीटर की फ्री यात्रा दी जाती है। अधिकारियों के अनुसार हैप्पी कार्ड के तहत पिछले साल के एक हजार किलोमीटर पूरे होने के बाद आगामी फैसला सरकार की ओर से लिया जाना है।
अब तक जिले में बने हैं एक लाख 58 हजार कार्ड ः आंकड़ों के मुताबिक, रोडवेज विभाग की ओर से अब तक एक लाख 58 हजार कार्ड बनाएं जा चुके हैं। इसमें से एक लाख 40 हजार कार्ड वितरित भी किए जा चुके हैं। जबकि अब तक जिले में एक लाख 98 हजार लाभार्थियों की ओर से कार्ड के लिए आवेदन किया हुआ है। संवाद
हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के तहत लाभार्थियों को कार्ड को अपडेट नहीं किया जाना है। जिस तिथि से यह कार्ड एक्टिवेट हुए हैं। उसी तिथि से एक साल तक की वैलिडिटी मानी जाएगी। अभी तक रिचार्ज को लेकर कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं। जैसे ही कोई आदेश आएंगे तो लाभार्थियों को सूचित किया जाएगा। - कमलजीत चहल, महाप्रबंधक, कैथल डिपो।