कैथल। शहर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला। इसके बाद करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से जहां प्रदूषण का गुबार धुल गया, वहीं फसलों के लिए भी बारिश फायदेमंद बताई जा रही है। मौसम साफ होने से एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 280 से सुधरकर 205 हो गया। बारिश के बाद अब ठंड बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
विदित हो कि दिवाली के सप्ताह भर पहले से ही आसमान में पर्यावरण का एक गुबारा बना हुआ था। प्रशासन द्वारा सड़कों और पौधों पर पानी का छिड़काव करने, खेतों में जल रही पराली पर रोक लगाने सहित शहर में कचरा जलाने तक पर प्रतिबंध लगाते हुए तमाम प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन अभी तक एक्यूआई कम होने का नाम नहीं ले रहा था। रविवार की सुबह भी एक्यूआई 300 के आस-पास था, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छाए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद करीब आधे घंटे तक बूंदाबांदी जारी रही, जिससे आसमान में एक ही जगह पर अटके धूल के कण धरती पर आ गए। प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने कहा कि रविवार को हुई बारिश से एक्यूआई 80 अंक सुधरा है। यह 285 से कम होकर 205 हो गया है। अब सोमवार तक इसके सामान्य होने की उम्मीद है।