फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निर्यात के लिए हैफेड ने शुरू की बासमती धान की खरीद

विज्ञापन
Hafed starts procurement of Basmati paddy for export - फोटो : Kaithal
विज्ञापन
कैथल। हरियाणा के बासमती उत्पादक किसानों के लिए अच्छी खबर है। हैफेड द्वारा पहली बार निर्यात के उद्देश्य से बासमती धान की खरीद शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर करीब दो लाख क्विंटल बासमती धान की मार्केट रेट पर खरीद की जाएगी। इसके बाद इसे सऊदी अरब सहित अन्य जगहों पर निर्यात किया जाएगा। कैथल में वीरवार से धान की खरीद शुरू करते हुए करीब 2000 क्विंटल धान खरीद की गई। इसके अलावा करनाल, कुरुक्षेत्र और सिरसा से भी बासमती धान की खरीद की जाएगी।
विज्ञापन

बासमती धान को अब तक निर्यातक निजी तौर पर खरीदते आए हैं। इसके लिए एमएसपी निर्धारित नहीं है। इस धान की कीमतें सभी प्रकार की किस्मों में सबसे ज्यादा रहती हैं, लेकिन इस बार इसकी खरीद कम की जा रही थी। एक बार 4500 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकने के बाद बुधवार और वीरवार को इसकी कीमतें 3800 रुपये प्रति क्विंटल तक गिर गई थीं। इसी बीच कई दिनों से खरीद की तैयारी कर रही हैफेड एजेंसी ने वीरवार को इसकी खरीद शुरू कर दी, जिससे मार्केट में तेजी आई और यह 3950 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी, जिससे किसानों को राहत मिली है।
विदित हो कि कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल को धान का कटोरा माना जाता है। यहां की परंपरागत बासमती की खुशबू विदेशों तक मशहूर है। अमेरिका, यूरोप, सऊदी अरब सहित अनेकों देशों में यहां की बासमती का निर्यात होता है, लेकिन यह निर्यात अभी तक केवल निजी व्यापारी करते आए हैं। यह पहला अवसर होगा, जब सरकार चावल का निर्यात करेगी।
विज्ञापन

हरियाणा हैफेड के चेयरमैन एवं चावल निर्यातक कैलाश भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने निर्देश दिया था कि किसानों के हित में जो भी संभव हो वह किया जाए। इसके तहत निर्यात के उद्देश्य से चार जिलों से बासमती धान की खरीद की जाएगी। इसे सऊदी अरब सहित जहां भी संभव हो सकेगा, वहां निर्यात किया जाएगा।
हैफेड के डीएम सुरेश कुमार ने कहा कि चेयरमैन कैलाश भगत के प्रयासों से यह संभव हो पाया है कि हैफेड द्वारा धान का निर्यात किया जाएगा। कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र व सिरसा जिलों से लगभग 2 लाख क्विंटल बासमती खरीदी जाएगी। अब तक केवल तरावड़ी मंडी से हैफेड द्वारा आंशिक तौर पर ही बासमती खरीदा जाता था, लेकिन इस बार निर्यात की दृष्टि से चार जिलों से खरीद की जाएगी। कैथल में वीरवार को इसकी शुरुआत कर दी गई है। कैथल, पूंडरी व ढांड अनाज मंडियों से इसकी खरीद की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें