गुहला-चीका। बारदाना वितरण के बदले रिश्वत मांगने के आरोपों के बीच हैफेड चीका के प्रबंधक राजेंद्र कुमार का तबादला कर उन्हें जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। उनकी जगह राजहंस को हैफेड चीका का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसकी पुष्टि जिला प्रबंधक अनूप नैन ने की है।
बताया जाता है कि एक दिन पहले ही चीका अनाज मंडी के आढ़तियों ने प्रबंधक राजेंद्र कुमार पर बारदाना देने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाए थे। इस संबंध में आढ़तियों ने एसडीएम गुहला कैप्टन प्रमेश सिंह को लिखित शिकायत देने के साथ ही यह मामला विभागीय मंत्री अरविंद शर्मा के संज्ञान में भी लाया था। शिकायत के 24 घंटे में ही प्रबंधक राजेंद्र कुमार का तबादला कर दिया गया।
हैफेड के डीएम अनूप नैन और डीएफएससी वरिंद्र कुमार ने चीका पहुंचकर आढ़तियों व किसानों की समस्याएं सुनीं। साथ ही शिकायतों के समाधान का भरोसा दिलाया।
दूसरी ओर राजेंद्र कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है।
हैफेड चीका के प्रबंधक राजेंद्र कुमार का सोसाइटी से तबादला करके जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। बारदाना देने की एवज में रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच की जा रही है। यदि रिश्वत के आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हैफेड चीका द्वारा सीजन में लगभग दस लाख कट्टे गेहूं की खरीद की जाती है। अभी तक पांच लाख कट्टे आढ़तियों को वितरित किए गए है। जैसे जैसे आढ़ती गेहूं की खरीद करेंगे उन्हें बारदाना उपलब्ध करवा दिया जाएगा। -अनूप नैन, डीएम हैफेड कैथल।