कलायत। पूर्व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि कलायत वार्ड एक स्थित श्री रैदास तख्त के आंगन में एक करोड़ रुपये के बजट से संत शिरोमणि गुरु रविदास सामुदायिक भवन का भव्य निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा।
इसके लिए नगर पालिका की ओर से वित्तीय अनुमोदन समिति से प्रक्रिया पूरी करवाते हुए टेंडर लगाया जाएगा। ये जानकारी उन्होंने रविवार को गुरु रविदास जन्म महोत्सव के तहत श्री रैदास तख्त पर आयोजित कार्यक्रम में दी। ये यहां मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचीं थीं। उन्होंने कहा कि कलायत में गुर रविदास सामुदायिक भवन के निर्माण के बाद यह क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बनेगा। इस दौरान कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा महिलाओं के साथ झूमतीं नजर आईं। उन्होंने 31 जनवरी को कुरुक्षेत्र के उमरी में सरकारी स्तर पर मनाई जाने वाली गुरु रविदास जयंती का निमंत्रण भी दिया। इसमें प्रदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। संवाद