श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 400 साला प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन सोमवार को कैथल पहुंच गया। यहां पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन में शामिल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के स्वरूप की सुंदर पालकी का स्वागत किया। नगर कीर्तन के अभिनंदन में उमड़े संगत के हजूम ने गुरु साहिबान की ऐतिहासिक निशानियों के दर्शन कर स्वयं को पुण्य भागीदार बनाया। संगत ने पंज प्यारों को फूलों की माला व सिरोपा पहनाए।
एसजीपीसी कार्यकारिणी समिति सदस्य जत्थेदार हरभजन सिंह मसाना ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 400 साला प्रकाश पर्व को समर्पित यह नगर कीर्तन 20 मार्च को श्री अमृतसर साहिब से शुरू हुआ था। जिसके बाद पंजाब के अलग-अलग शहरों से होते हुए अब यह महान नगर कीर्तन हरियाणा में पहुंचा है। विदित रहे कि यह महान नगर कीर्तन गुरुद्वारा कुरहाली साहिब पातशाही नौवीं नयां गांव (रामनगर) रात्रि ठहराव के बाद सोमवार को धरमेड़ी, टटियाणा, सपरहेड़ी, शहीदी मार्ग गुरुद्वारा साहिब पातशाही नौवीं चीका, गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी एवं नौंवी चीका, हरीगढ़, किंगन, भागल, दीवाना, कराह साहिब पातशाही नौवीं, सैयाना सैदां, कांता फार्म पिहोवा पातशाही नौवीं बाऊली साहिब कुरुक्षेत्र चौक, कैथल-अंबाला हाइवे, भेरियां, गुमथला गढू अड्डा, क्योडक़, पिहोवा चौक (मटका चौक), गुरु तेग बहादुर चौक (खंडेवाला), गुरुद्वारा मंजी साहिब पातशाही नौवीं, से होकर गुरुद्वारा नीम साहिब पातशाही नौवीं कैथल में पहुंचा। एसजीपीसी की धर्म प्रचार कमेटी के सदस्य तजिंदरपाल सिंह लाडवा ने बताया कि 6 अप्रैल को नगर कीर्तन गुरुद्वारा नीम साहिब पातशाही नौवीं से शुरु होकर सीवन, पौलड़, कांगथली, भोखड़, डेरा गोबिंद पुरा, शैर, पहाड़पुर, चककू, लदाणा, समाधा रामथली, खरकां, धमेल, गुरुद्वारा बाहर साहिब पातशाही नौवीं में दोपहर के लंगर के लिए कुछ समय के रूकेगा। इसके बाद गुरदित पुरा, अरने, गुलजापुर, ठरुआं, शेरगढ़, खनौरी, दाता सिंघवाल, गढ़ी, पिपल थेह, ढाबी टेक सिंह, रसीदां से होकर गुरुद्वारा धमतान साहिब पातशाही नौवीं में रात्रि विश्राम के लिए पहुंचेगा। इस दौरान एसजीपीसी कार्यकारिणी समिति के सदस्य जत्थेदार हरभजन सिंह मसाना, शिरोमणि अकाली दल के हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह सोथा और धर्म प्रचार कमेटी सदस्य जत्थेदार तजिंदरपाल सिंह लाडवा, एडिशनल सैकेटरी डा.परमजीत सिंह सरोहा, उप सचिव सुखबीर सिंह, एसजीपीसी सब ऑफिस प्रभारी परमजीत सिंह दुनियामाजरा, सिख मिशन हरियाणा प्रभारी एवं प्रसिद्ध कथावाचक ज्ञानी मंगप्रीत सिंह, सुपरवाइजर जरनैल सिंह मौजूद रहे।