गुहला-चीका। 46 डिग्री से ज्यादा तापमान के बीच आठ घंटे लंबे बिजली के कट से लोग परेशान रहे। वहीं निगम के अधिकारियों के फोन बंद रहे। इसके चलते लोगों में रोष है। पिहोवा रोड, हुडा कॉलोनी, चीका, औद्योगिक क्षेत्र के बाशिंदे पिछले कई दिनों से लगातार रात को बिजली की किल्लत से गर्मी की तपिश सहने को मजबूर हैं।
चीका निवासी जय भगवान सिंगला, रविंद्र कंसल, हरबंस सन्नी शर्मा केवल कृष्ण, भूषण सिंगला और नरेंद्र सिंगला ने बताया कि भीषण गर्मी में बिजली न आने से बच्चे सारी रात चैन से सो नहीं पाते। लोगों में रोष है कि बार-बार शिकायत बावजूद बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती।
वह रोज नया बहाना बनाकर लोगों का टरका देते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे शुरू हुआ बिजली का कट शाम 5 बजे तक जारी रहा। राहत तो दूर लोग को पानी तक नसीब नहीं हो पाया। कुछ इलाकों में बिजली की अनियंत्रित वोल्टेज से लोगों के घरों व फैक्टरियों में कीमती उपकरण जल चुकेे हैं। लेकिन विभाग पुराने सुर ताल पर कायम रहते हुए ट्रांसफार्मर न होने का बहाना बना रहा है। इस संबंध में विभाग के जेई गुरबचन सिंह बेदी ने बताया कि 33 केवी सब स्टेशन चीका में केबल बॉक्से में आग लगने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इसे ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रयास है कि लोगों को बिजली की दिक्कत न आए।