शहर में करनाल रोड पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में तैनात सुरक्षा गार्ड की बंदूक से गोली चलने के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुरक्षा गार्ड सुबह बैंक में बंदूक चेक कर रहा था। बंदूक की नली का रुख गार्ड की ठुड्डी के नीचे था। तभी अचानक गोली चली और गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस व गार्ड के परिजनों को दी। फारेंसिक एक्सपर्ट के साथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
गांव कोटड़ा निवासी बलविंद्र-55 सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद बैंक में गार्ड की ड्यूटी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्ष से बैंक में कार्यरत थे। बुधवार को भी वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर बैंक में आये थे। सुबह करीब सवा नौ बजे बैंक में सर्विस बंदूक की जांच करते समय अचानक गोली चलने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर डीएसपी दलीप सिंह ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस ने बेटे के बयान पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पड़ताल के बाद सिविल लाइन थाना एसएचओ गुरविंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। बैंक मैनेजर विशाल संधु ने बताया कि बलविंद्र ड्यूटी का पाबंद था।