कैथल। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन सरकार के उपेक्षापूर्ण रुख के खिलाफ मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में 18 मई को काले बिल्ले लगाकर आंदोलन करेगी। पूर्व प्रधान बसाउ राम ने कहा कि प्रदेश के 11 हजार ग्रामीण सफाई कर्मचारी अपनी बाजू व गले में काली पट्टी बांधकर व अपनी जेबों पर काले बिल्ले लगाकर लॉकडाउन का पालन करते हुए आंदोलन करेंगे। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महासचिव विनोद कुमार, राज्य प्रधान देवीराम व जिला प्रधान अजय पबनावा ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की जायज समस्याओं को लेकर सरकार के पास कोरोना अवधि के दौरान चार बार पत्र व ज्ञापन भेजा जा चुका है। सरकार कर्मचारियों की बात सुनने को तैयार नहीं है।
ग्रामीण सफाई कर्मियों की ये है मांग
कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की तरह ग्रामीण सफाई कर्मियों को भी कोरोना अवधि का डबल वेतन दिया जाए। बीडीपीओ कार्यालय द्वारा मास्क, दस्ताने, जूते, सैनिटाइजर व जैकेट सहित पर्याप्त मात्रा में सभी सुरक्षा उपकरण दिए जाएं। कोरोना अवधि के दौरान किसी भी ग्रामीण सफाई कर्मचारी की मौत होने पर उसके परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा राशि दी जाए। 11 हजार सफाई कर्मियों को रेगुलर किया जाए। इसके अलावा उन्होंने अन्य कई मांगे सरकार के सामने रखी।