संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब प्राइवेट स्कूलों सी हर व्यवस्था है। यहां प्राइवेट स्कूलों की अपेक्षा शिक्षित एवं अनुभवी स्टाफ होता है, जो अपने-अपने विषय के निपुण होते हैं। ये बच्चों को अच्छी गुणवत्ता परख शिक्षा देते हैं। यह बात जिला परिषद अध्यक्ष कर्मबीर कौल ने राजकीय उच्च विद्यालय चंदलाना में कही।
वह बतौर मुख्य अतिथि वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई हुई हैं। मैदान से लेकर स्मार्ट क्लास रूम, आठवीं तक बच्चों को दोपहर का स्वादिष्ट भोजन, कापी, किताबें, वर्दी, जूते व दूर दराज से आने वाली लड़कियों के लिए परिवहन की सुविधा भी दी जा रही हैं।
उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया है कि अपने बच्चों का ज्यादा से ज्यादा संख्या में सरकारी स्कूलों में दाखिला करवाएं। कार्यवाहक प्रिंसिपल श्याम पाल शर्मा ने बताया कि चार बच्चों ने एनएमएमएस यानि नेशनल मिंस कम मेरिट स्कॉलरशिप प्राप्त की है, जिन्हें अगले चार वर्षों तक एक हजार रुपये प्रति माह वजीफा मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने अव्वल अंक हासिल करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल इंचार्ज पीटीआई योगिता पांचाल, सरपंच अजय शर्मा, एमएससी प्रधान पासो देवी व पिंकी देवी भी मौजूद रहीं।